वसई-विरार के विरार पूर्व स्थित शिरगांव रायपाडा इलाके में अवैध पत्थर खदान की शिकायत करना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। यहां दगड़खान (पत्थर खदान) के खिलाफ शिकायत करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस हमले में राजस्व विभाग के एक अधिकारी भी घायल हो गए हैं।
मृतक की पहचान आत्माराम पाटील के रूप में हुई है। घटना मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शिरगांव इलाके में एक पत्थर खदान में कथित रूप से अवैध विस्फोट कर उत्खनन किया जा रहा था। ग्रामीणों का आरोप था कि लगातार ब्लास्टिंग के कारण आसपास के घरों में दरारें पड़ रही थीं।
इसी को लेकर आत्माराम पाटील ने कई बार राजस्व विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि शिकायतों से नाराज खदान मालिक पक्ष ने उन्हें पहले से धमकियां भी दी थीं।
मंगलवार को आत्माराम पाटील राजस्व विभाग के मंडल अधिकारी प्रभाकर पाटील और उनकी टीम के साथ खदान का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उसी दौरान कथित तौर पर खदान मालिक पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया।
आरोप है कि पहले मंडल अधिकारी प्रभाकर पाटील पर लकड़ी के डंडों से हमला किया गया, जिसमें वह घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद हमलावरों ने आत्माराम पाटील पर हमला कर उनके सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही विरार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच जारी है।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और अवैध खदान गतिविधियों को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।