मुंबई के चर्चित बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। पूर्व एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड कॉन्स्टेबल श्याम सोनावणे को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में मुंबई पुलिस ने सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2024 की रात बांद्रा इलाके में बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमला उनके विधायक पुत्र ज़ीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर हुआ था, जहां तीन हमलावरों ने उन पर फायरिंग की थी।
घटना के समय कॉन्स्टेबल श्याम सोनावणे मुंबई पुलिस के प्रोटेक्शन एंड सिक्योरिटी ब्रांच में तैनात थे और बाबा सिद्दीकी की सुरक्षा ड्यूटी पर नियुक्त किए गए थे। हत्या के बाद पुलिस विभाग ने उन्हें तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान श्याम सोनावणे को ड्यूटी में गंभीर लापरवाही का दोषी पाया गया। इसके बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसमें पूछा गया था कि उन्हें सेवा से क्यों न हटाया जाए।
विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें बर्खास्तगी पत्र जारी किया। बताया जा रहा है कि कॉन्स्टेबल ने 2 मई को यह पत्र स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही उन्हें आधिकारिक रूप से पुलिस सेवा से हटा दिया गया है।
इस कार्रवाई को बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में सुरक्षा चूक के खिलाफ बड़ा कदम माना जा रहा है।
मुंबई पायधुनी तरबूज मौत मामला: FSL रिपोर्ट में जिंक फॉस्फाइड के संकेत, FDA की भूमिका पर उठे सवाल