महाराष्ट्र में अनधिकृत बाइक टैक्सी सेवाओं के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने ओला, उबर और रैपिडो जैसी बाइक टैक्सी सेवाओं पर कार्रवाई करते हुए संबंधित कंपनियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
इस संबंध में मंत्री प्रताप सरनाईक ने महाराष्ट्र सायबर विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक को आधिकारिक पत्र भेजा है। वहीं परिवहन आयुक्त की ओर से भी साइबर क्राइम विभाग को इसी विषय पर पत्र जारी किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि राज्य में कई ऐप्स बिना वैध अनुमति, सरकारी मंजूरी और परिवहन नियमों का पालन किए बिना यात्री परिवहन सेवा चला रहे हैं। विशेष रूप से रैपिडो जैसी बाइक टैक्सी सेवाओं का विस्तार तेजी से बढ़ रहा है, जो सार्वजनिक सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय बताया गया है।
परिवहन विभाग के मुताबिक इन सेवाओं में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। चालक सत्यापन, बीमा सुरक्षा, महिला सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया जैसी सुविधाओं में गंभीर कमी होने का आरोप लगाया गया है।
मंत्री सरनाईक ने हाल ही में मुंबई के मुलुंड-गोरेगांव लिंक रोड पर हुए एक हादसे का भी जिक्र किया, जिसमें कथित रूप से एक अनधिकृत बाइक टैक्सी दुर्घटना में महिला की मौत हो गई थी। इस मामले में नवघर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज होने की जानकारी भी दी गई है।
सरकार का कहना है कि इन अनधिकृत सेवाओं के कारण वैध परमिट वाले ऑटो और टैक्सी चालकों के रोजगार पर भी असर पड़ रहा है। परिवहन विभाग ने इसे राज्य की परिवहन व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया है।
साइबर क्राइम विभाग से मांग की गई है कि ऐसे ऐप्स का ऑनलाइन संचालन तत्काल बंद कराया जाए और संबंधित कंपनियों, प्रबंधन तथा चालकों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी कानून और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने साफ कहा कि नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा और कानून का उल्लंघन करने वाली किसी भी अनधिकृत व्यवस्था को बख्शा नहीं जाएगा।
अवैध पत्थर खदान की शिकायत करने वाले की हत्या, राजस्व अधिकारी पर भी हमला, पुलिस जांच जारी