वसई-विरार क्षेत्र में बढ़ती ट्रैफिक समस्या, रिक्शा मीटर व्यवस्था और रेलवे विकास कार्यों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक वसई विधानसभा की विधायक सौ. स्नेहा ताई दुबे-पंडित के जनसंपर्क कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें परिवहन विभाग, रेलवे प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और रिक्शा यूनियन के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में नागरिकों को रोजाना होने वाली ट्रैफिक समस्याओं, रेलवे स्टेशन परिसर में बढ़ती भीड़, पार्किंग की कमी और खराब सड़कों के कारण हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही रिक्शा चालकों द्वारा मीटर से यात्रा कराने से इनकार किए जाने के मुद्दे को गंभीरता से उठाया गया।
विधायक स्नेहा दुबे-पंडित ने कहा कि वसई-विरार में रिक्शा मीटर व्यवस्था प्रभावी तरीके से लागू नहीं होने के कारण यात्रियों को आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस समस्या के समाधान के लिए रिक्शा यूनियनों के साथ जागरूकता अभियान चलाने और मीटर से यात्रा करने से इनकार करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए आरटीओ विभाग द्वारा नया शिकायत निवारण नंबर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में पश्चिम रेलवे की 5वीं और 6वीं लाइन परियोजनाओं के चलते भविष्य में रेलवे स्टेशन के आसपास ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी योजनाओं पर विचार किया गया। लाखों यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रिक्शा स्टैंड, बस सुविधा और यातायात प्रबंधन के लिए महानगरपालिका, रेलवे प्रशासन और ट्रैफिक विभाग की संयुक्त बैठक जल्द आयोजित करने का फैसला लिया गया।
इसके अलावा वसई में परिवहन विभाग के स्वतंत्र कार्यालय के लिए सनसिटी, उमेला और पाचूबंदर इलाके में करीब 2 एकड़ जमीन की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजने और उसका फॉलोअप करने का आश्वासन विधायक द्वारा दिया गया।
बैठक में बिना परमिट चल रही रिक्शाओं के मुद्दे को भी उठाया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अवैध यात्री परिवहन करने वाले रिक्शाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सभी मुद्दों पर हुई प्रगति की समीक्षा के लिए जून के पहले सप्ताह में फिर से बैठक आयोजित की जाएगी।
View this post on Instagram