लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती (BSP Chief Mayawati) ने बृहस्पतिवार को दिल्ली (Delhi) के जहांगीरपुरी 9Jahangirpuri) इलाके व अन्य राज्यों में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाए जाने पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि सरकार को उन अफसरों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, जिनकी वजह से अवैध निर्माण हुए थे। Mayawati ने ट्वीट किया, “दिल्ली के जहांगीरपुरी सहित देश के अन्य राज्यों में अवैध निर्माण की आड़ में बुलडोजर चलाए जा रहे हैं, जिससे गरीब लोग प्रभावित हो रहे हैं, जबकि सरकार को उन अधिकारियों के खिलाफ भी सख्ती करनी चाहिए, जिनके भ्रष्टाचार की वजह से अवैध निर्माण हो रहे हैं।”

मायावती ने एक विशेष समुदाय के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के आरोपों का परोक्ष संदर्भ देते हुए कहा, “साथ ही, धर्म को भी इसके लिए इस्तेमाल करना उचित नहीं। इससे देश में आपसी सद्भाव खत्म होगा और देश विरोधी ताकतें भी इसका गलत फायदा उठा सकती हैं। इस मामले में सरकारों को जरूर सोचना चाहिए। बसपा की यही सलाह है।” गौरतलब है कि दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत लोगों के भवनों पर बुलडोजर चलाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

यह भी पढ़ें : लखनऊ के डेंटल कालेज में रैगिंग, बीडीएस फर्स्‍ट ईयर छात्र को सीनियरों ने पीटा