Home क्राइम मुंबई: रैपिडो चालक ने OTP दिखाने के बहाने उड़ाया यात्री का मोबाइल, माहिम पुलिस ने दर्ज किया मामला
क्राइमताजा खबरेंदेशनालासोपारा - Nalasopara Newsपालघर - Palghar Newsमहाराष्ट्रमुंबई - Mumbai Newsवसई-विरार - Vasai-Virar News

मुंबई: रैपिडो चालक ने OTP दिखाने के बहाने उड़ाया यात्री का मोबाइल, माहिम पुलिस ने दर्ज किया मामला

मुंबई के माहिम में Rapido चालक द्वारा OTP के बहाने यात्री का मोबाइल लेकर फरार होने की घटना।
मुंबई के माहिम में Rapido चालक द्वारा OTP के बहाने यात्री का मोबाइल लेकर फरार होने की घटना।

मुंबई: मुंबई के माहिम इलाके में राइड बुकिंग ऐप के जरिए सफर कर रहे एक यात्री के साथ ठगी और मोबाइल चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक रैपिडो बाइक चालक (कैप्टन) ने राइड समाप्त होने के बाद OTP देखने के बहाने यात्री का मोबाइल अपने हाथ में लिया और स्कूटर लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर माहिम पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कैलाश तुलैसींग ठकुल्ला (27) माटुंगा पश्चिम के निवासी हैं और दादर स्थित एक होटल में काम करते हैं। घटना वाली रात वह दादर पश्चिम में अपने चाचा से मिलने गए थे। देर रात करीब 2 बजे घर लौटने के लिए उन्होंने रैपिडो ऐप के माध्यम से दादर स्थित मंगलमूर्ति बिल्डिंग से माटुंगा के सीतासदन तक बाइक राइड बुक की।

कुछ ही देर में एक रैपिडो चालक स्कूटर लेकर मौके पर पहुंचा और कैलाश को बैठाकर रवाना हुआ। लेकिन आरोप है कि चालक उन्हें तय गंतव्य तक ले जाने के बजाय माहिम पश्चिम स्थित डी बेला कैफे, कटारिया कॉलोनी के पास ले गया और वहीं उतार दिया।

OTP दिखाने के बहाने की वारदात

पीड़ित के अनुसार, सफर समाप्त होने के बाद चालक ने राइड का OTP मांगा। जब कैलाश ने अपना मोबाइल निकाला, तो आरोपी ने कहा कि OTP देखने के लिए मोबाइल उसके हाथ में दे दें। जैसे ही कैलाश ने फोन उसके हाथ में दिया, आरोपी ने स्कूटर तेज गति से दौड़ा दिया और शिवाजी पार्क की दिशा में फरार हो गया।

अचानक हुई इस घटना से पीड़ित कुछ समझ ही नहीं पाया और मौके पर ही स्तब्ध रह गया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद कैलाश पहले घर पहुंचे और मोबाइल का बिल व बॉक्स तलाशने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने माहिम पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और चोरी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच के तहत आसपास के सीसीटीवी फुटेज, रैपिडो ऐप से उपलब्ध जानकारी तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

यात्रियों के लिए पुलिस की सलाह

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन कैब या बाइक टैक्सी से यात्रा करते समय सतर्क रहें। OTP स्वयं पढ़कर बताएं, लेकिन किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना मोबाइल फोन हाथ में न दें। यदि चालक संदिग्ध व्यवहार करे या तय मार्ग से हटकर ले जाए, तो तुरंत ऐप के सुरक्षा फीचर का उपयोग करें और जरूरत पड़ने पर पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

VVMC की चेतावनी: 3 महीने में वैध कराएं अवैध पानी कनेक्शन, वरना होगी कार्रवाई

Recent Posts

Related Articles

Share to...