पालघर: भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा जिले के लिए जारी रेड अलर्ट और अत्यधिक से अति भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनज़र पालघर जिला प्रशासन ने 2 जुलाई 2026 (गुरुवार) को जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पालघर की अध्यक्ष डॉ. इंदू रानी जाखड़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार, आंगनवाड़ी, सरकारी एवं निजी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय, जिला परिषद स्कूल, नगर पालिका स्कूल, अनुदानित एवं गैर-अनुदानित स्कूल, सभी आश्रमशालाएं, महाविद्यालय, व्यावसायिक एवं प्रशिक्षण संस्थान 2 जुलाई को पूर्णतः बंद रहेंगे।
हालांकि, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों और कॉलेजों के मुख्याध्यापक, शिक्षक तथा शिक्षकेतर कर्मचारी स्थानीय प्रशासन के निर्देशानुसार आवश्यकता पड़ने पर आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों के लिए उपलब्ध रहेंगे।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
भारी बारिश का असर: मुंबई एयरपोर्ट पर 3 उड़ानों का डायवर्जन, दो विमान लौटे, एक का इंतजार