Home ताजा खबरें विरार के कुम्भार पाड़ा तालाब में नहाने गया 19 वर्षीय युवक लापता, सर्च ऑपरेशन
ताजा खबरेंदेशपालघर - Palghar Newsमुंबई - Mumbai Newsवसई-विरार - Vasai-Virar News

विरार के कुम्भार पाड़ा तालाब में नहाने गया 19 वर्षीय युवक लापता, सर्च ऑपरेशन

विरार पूर्व के कुम्भार पाड़ा तालाब में डूबे युवक की तलाश में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम सर्च ऑपरेशन चलाते हुए।
विरार पूर्व के कुम्भार पाड़ा तालाब में डूबे 19 वर्षीय युवक की तलाश में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम देर रात तक अभियान चलाती रही।

विरार: विरार पूर्व स्थित कुम्भार पाड़ा तालाब में नहाने गया एक 19 वर्षीय युवक गुरुवार शाम गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद पुलिस और मनपा फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर रात तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक महेंद्र राजभर (19 वर्ष) निवासी गास, विरार पूर्व अपने दो दोस्तों के साथ गुरुवार शाम करीब 5 बजे कुम्भार पाड़ा स्थित तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोनों दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते अभिषेक पानी में समा गया।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस और वसई-विरार महानगरपालिका फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि लगातार हो रही तेज बारिश, तालाब में बढ़े जलस्तर और अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

मनपा फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार देर शाम तक चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान युवक का कोई पता नहीं चल पाया। प्रतिकूल मौसम और अंधेरा होने के कारण फिलहाल अभियान रोक दिया गया है। अब 3 जुलाई 2026 की सुबह 7 बजे दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।

गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से वसई-विरार क्षेत्र में लगातार भारी बारिश हो रही है। कई नाले, तालाब और जलाशय उफान पर हैं। हाल ही में वसई के राजीवली क्षेत्र में भी तेज बहाव के कारण दो कारें पानी में बह गई थीं। हालांकि उस घटना में कारों में सवार चार लोग समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे थे।

मौसम विभाग ने 2 जुलाई 2026 को पालघर जिले सहित वसई-विरार क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे तालाब, नदी, नाले, झरनों, समुद्र तटों तथा अन्य गहरे जल क्षेत्रों में उतरने से बचें, क्योंकि तेज जल प्रवाह और बढ़े हुए जलस्तर के कारण दुर्घटनाओं की आशंका काफी बढ़ जाती है।

वसई में बारिश का कहर: उफनते नाले में बहीं दो कारें, पुल टूटा, चालक ने कूदकर बचाई जान; स्थानीय लोगों ने नाला सफाई पर उठाए सवाल

Recent Posts

Related Articles

Share to...