Home क्राइम पालघर हाईवे हादसा: बारातियों से भरे टेंपो पर पलटा कंटेनर, 13 की मौत-20 घायल
क्राइमताजा खबरेंदेशमहाराष्ट्रमुंबई - Mumbai News

पालघर हाईवे हादसा: बारातियों से भरे टेंपो पर पलटा कंटेनर, 13 की मौत-20 घायल

पालघर हाईवे पर बारातियों से भरे टेंपो का हादसा
मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर बारातियों से भरे टेंपो पर कंटेनर पलटने से बड़ा हादसा

महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। धाणीवरी इलाके के पास बारातियों से भरे टेंपो और तेज रफ्तार कंटेनर के बीच हुई भीषण टक्कर में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक हादसा सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। बारातियों से भरा टेंपो दहानू के बापू गांव से धाणीवरी में आयोजित शादी समारोह में जा रहा था। इसी दौरान गुजरात की ओर से मुंबई जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर टेंपो पर पलट गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस, राहत दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को कासा उपजिला अस्पताल तथा धुंदलवाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य पर नजर बनाए हुए है।

पालघर हादसे पर सीएम फडणवीस ने जताया दुख

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर पालघर के दहानू में हुए दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। 😢

सीएम फडणवीस ने X पर पोस्ट कर कहा:

“यह बेहद दुखद है कि मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर पालघर के दहानू में एक दुर्घटना में 13 लोगों की जान चली गई, जब एक टेम्पो की टक्कर एक कंटेनर से हो गई। इस घटना के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं उन सभी के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”

मृतकों में सुरेश रत्ना लाखात, पांडू गणपत लाखात, काळू गोविंद लाखात, सुनील अर्जुन दांडेकर, चिमा गोविंद कुरहाडा, नमिता विठ्ठल दांडेकर, सारिका संतोष लाखात, आयुष सिताराम लाखात, सागर नामदेव शेंडे, वंदना शिवराम वलवी, सलोनी शिवराम वलवी, अजय अहाडी और रियांशी संतोष लाखात शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

मुंबई में दहेज उत्पीड़न के मामलों में बढ़ोतरी, 2026 में 124 केस दर्ज

Recent Posts

Related Articles

Share to...